Showing posts with label सिनेमा. Show all posts
Showing posts with label सिनेमा. Show all posts

Sunday, March 29, 2009

छोटे -छोटे शहरों से....हम तो झोला उठा के चले

कुछ दिन पहले 'मुझे चाँद चाहिए' सुरेन्द्र वर्मा का नायिका प्रधान प्रख्यात हिंदी उपन्यास पड़ते हुए दो हिंदी फिल्में 'फैशन' और 'मैं माधुरी दीक्षित बनना चाहती हूँ' अनायास याद आ गयी....एक मीडिया कर्मी के लिए तो फिल्में टेक्स्ट होती हैं...पर एक साहित्य के अध्येता के लिए भी फिल्में कितने कारगर तरीके से जीनियोलोगी बनाती चलती है, को जानना दिलचस्प होता है....नायिका वर्षा वशिष्ठ भी 'मेघना माथुर' और 'मोहिनी' उर्फ़ चुटकी की तरह करियर के लिए महत्वकांशी तो है, पर छोटे शहर की लड़कियों का मुंबई को कर्मक्षेत्र बनाने तक का सफ़र में ग्लैमर - सिनेमा और फैशन के प्रति उसका दृष्टिकोण स्ट्रेटेजिक डिसीजन्स के चलते अलग होता है.

बचपन की सिलबिल से 'यशोदा' के ओल्ड फैशन नाम से छुटकारा पाकर 'वर्षा वशिष्ट' का चुनाव करती है। वशिष्ठ उपनाम चुनने के पीछे का तर्क के ब्राहमण जाति की ऊँची प्रतिष्ठा से जुडा हुआ है. राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में प्रवेश पाने के लिए घरवालों की मुखालफत करती हुई वर्षा की अगली मंजिल सिनेमा है...जहाँ गाहे-बगाहे वह रंगमंच के सौन्दर्यबोध और लाइव परफोर्मेंस बनाम चलताऊ और कमाऊ के साथ रिटेक की तुलना करती है, पर उसकी समझदारी की दाद देनी पड़ती है कि न तो वह व्यावसायिक फिल्मो से परहेज करती है और न ही यथार्थवादी सिनेमा को नकारती है और साथ ही रंगमंच में भी सक्रिय रहती है. दोनों के बीच शानदार संतुलन कायम करते हुए वह 'शबाना ' और ' नसीर ' की याद दिलाती है. गौरतलब है की तेजस्विनी कोलाह्पुरी (पद्मिनी कोल्हापुरी की छोटी बहन )अभिनीत इस उपन्यास पर रजा बुंदेला ने सीरियल भी बनाया गया था.


उसका गजरौला की मोहिनी की आदर्श माधुरी की भांति कोई आइकन नहीं है और न ही वह चंडीगढ़ की मेघना माथुर की भांति सफलता के लिए समझौतापरस्त है। रंगमंच की बारीकियों और उसके प्रकार्य की आधारभूमि एक अनुशासन से तो परिचित कराती है ही, उसके साथ पोपुलर मीडियम सिनेमा की अपनी शर्तों और फोर्मुलों के साथ 'इमेज' की सीमाओं को भी जगजाहिर करती है. इसी क्रम में मार्शल मक्लुहन के 'रियर व्यू मिरोर ' फेमोमेनन की भी पुष्टि करती है जिसके तहत तकनीकी विकास के क्रम में हर विधा अपनी पूर्ववर्ती विधा की तुलना में कमतर आंकी जाती है, पर एक सच यह भी है की दृश्य कला पर आधारित विधाओं के लिए रंगमंचीय बोध फंडामेंटल की तरह काम करता है. यूँ ही नहीं भारतीय फिल्म और टेलिविज़न संस्थान , पुणे के पाट्यक्रम में रंगमंच को जोड़ा गया है. आज राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के सिनेमा में पदार्पण कर चुके रंगकर्मियों की लम्बी फेहरिस्त गिनाई जा सकती है.


इससे पहले शोबा डे के अंग्रेजी उपन्यास स्टारी नाइट्स का हिंदी रूपांतर 'सितारों की रातें ' भी पड़ा. आशारानी (देविका रानी की प्रॉक्सी) के तौर पर दक्षिण भारतीय अभिनेत्रियों का हिंदी सिनेमा में काम करने के चलन पर रौशनी डाली है. निर्देशकों से लेकर काम दिलवाने वाले एजेंटों की कार्य प्रणाली को करीने से पेश करती हुई इस कृति में में अभिनेत्रियों के प्रति 'शो पीस ' की भांति काम लिए जाने के भी ब्यौरे दर्ज हैं. दक्षिण भारतीय फिल्मों के काम करने के तरीकों और स्टूडियो कल्चर को भी काफी हद तक संबोधित करने की कोशिश कि गयी है.

Sunday, February 22, 2009

परिधि से केन्द्र की ओर : 'स्माइल पिंकी'


मुंबई की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म 'स्लमडाग मिलेनियर' को बेस्ट अडाप्टेड स्क्रीनप्ले, बेस्ट साउड मिक्सिंग, बेस्ट एडिटिंग, बेस्ट सिनेमेटोग्राफी और बेस्ट म्यूजिक श्रेणी के लिए आस्कर पुरस्कार से नवाजा गया। सोने पर सुहागा यह की भारत में बनी 'स्माइल पिंकी' ने सर्वश्रेष्ठ डाक्यूमेंटरी [लघु कथानक ] का आस्कर जीता। जब मैं यह पोस्ट लिख रही हूँ टीवी चैनलों पर लॉस एंजेल्स के कोडक हॉल में ऑस्कर समारोह की कवरेज पेश की जा रही थी...बीच में ऑस्कर की तमाम श्रेणियो के अवार्डों की घोषणा रह -रह कर ब्रेकिंग न्यूज़ के रूप में चल रही थी....यदा कदा याद दिलाया जा रहा था की 'स्माइल पिंकी' की प्रविष्टि ने भी ऑस्कर भारत की झोली में डाला है...अखबारों को तो कल सुबह तक इंतज़ार करना पड़ेगा । उनकी वेबसाइट पर फ्लैश में भारत को मिले ऑस्कर की सूचनाएं रन कर रही हैं। भले ही अमिताभ ऑस्कर को भाव न देते हों ...पर यहाँ पर 'लगान' फिल्म की याद आती है...जिसमें भद्र पुरुषों के ब्रितानी खेल में हिन्दुस्तानी किसान उन्हीं के खेल नियमों पर मात देकर लगान करवा लेते हैं...इस बिन्दु को राष्ट्रवादी नज़रिए से न देखा जाए तो ऑस्कर का अन्तराष्ट्रीय अवार्ड भी पश्चिमी सिनेमा के बरक्स हिन्दुस्तानी सिनेमा के रेकोग्निशन का सवाल बन जाता है...जिसे अपने सिने मापदंड हैं।

इस बीच एक बहुत बड़ा फर्क यह देखने को मिला की 'स्लमडाग मिलेनियर' को उतना हाईलाईट नही किया जा रहा है, जितना की वेटेज 'स्माइल पिंकी' को दी जा रही है। सुर्खिया भी 'जय हो' से ही पटी हुई हैं...और 'स्माइल पिंकी' की सफलता को कही सप्लीमेंट्री रिजल्ट की तरह सुनाया जा रहा है.वज़ह साफ़ है.'स्लमडाग मिलेनियर' ने प्रचार तंत्र पर सब कुछ झोंका है...दूसरा भारत में वृत्तचित्रों का मॉस मार्केट नही हैं...किसी भी राह चलते व्यक्ति से आप फिल्मों की अच्छी -खासी जानकारी पा सकते हैं॥पर वृत्तचित्रों के बारे में पूछे जाने पर बुद्धिजीवी वर्ग के नुमाइंदे भी गर्दन घुमाने लगते है...कॉलेज स्टूडेंट्स तो हाथ खड़े कर देते हैं.

डॉक्युमेंटरी के साथ यह संकट रहा है की यह कम से कम भारत में तो एक जन विधा के तौर पर लोकप्रिय नही है...साहित्य की हालत तो फिर भी कही बेहतर है...प्रकाशक पाठक के साथ मार्केट तो किसी तरह बना हुआ है...मूलतः डॉक्युमेंटरी को पाँच तरह के मकसद के लिए बनाया जाता है...सरकारी संस्थाओं की जरूरतों जैसे स्थापना वर्षगांठ, या किसी अजीमुश्शान शख्सियत की जिंदगी पर, कारपोरेट फिल्म /विज्ञापन शूट के तौर पर, आन्दोलनधर्मिता के साक्ष्य के तौर पर और कुछ डिस्कवरी-नेशनल ज्योग्राफिक ,हिस्ट्री चैनल इत्यादि के प्रोग्राम कंटेंट के तौर पर और ज्ञान दर्शन, अतुल्य भारत के अकादमिक-सांस्कृतिक प्रोमोशनल सामग्री के तौर पर। ज्ञानपीठ ने साहित्यकारों पर वृत्तचित्रों की श्रंखला सीडी जारी की है.

आमतौर पर अन्दोलान्धर्मी डॉक्युमेंटरी प्राइवेट स्क्रीनिंग की जाती है.... और अगर चंद खुशनसीब डॉक्युमेंटरी की पब्लिक स्क्रीनिंग होती भी है तो उसे फिल्म की तुलना में नए औडिएंस नसीब नही होते हैं....उसके औडिएंस उतने ही लोग होते हैं जो डॉक्युमेंटरी फॉर्म को पहचानते हैं या फिर विषय विशेष की डॉक्युमेंटरी की खासियत से वाकिफ होते हैं।दूसरा डॉक्युमेंटरी का काम भी असंगठित कार्य-क्षेत्र है...इसलिए फ्रीलांस डॉक्युमेंटरी निर्माता उसके प्रमोशन के मीडिया कैम्पेन रन नही कर पाते...अपना ही कैमरा लेकर प्रोजेक्टर का भी ख़ुद ही इन्तेजाम करने वाले डॉक्युमेंटरी मेकर इसीलिए 'जो घर उजारो आपनो , चले हमारे साथ' या 'शौक सरे सामां बाज़ार निकला' बतर्ज़ डॉक्युमेंटरी मेकिंग मेहनत के सात-साथ रिसर्च की भूख की भी डिमांड करता है.

डॉक्युमेंटरी को कॉमर्शियल मीडियम बनना चाहिए या नही इस सवाल से ज्यादा जरुरी है की फिल्म की तरह डॉक्युमेंटरी मेकिंग को भी पाठ्यक्रमों का हिस्सा होना चाइये...उस तरह से नही जिसमें फिल्म बनने की पहली ट्रेनिंग डॉक्युमेंटरी निर्माण से ही होती है॥बल्कि उस तरह से जिसमें उस पर स्वायत्त तरीके से बहस की जा सके...उसके भूत-वर्तमान-भविष्य का ग्राफ -मानचित्र तैयार किया जा सके..कई फिल्मकार भी पहले डॉक्युमेंटरी मेकर ही होते हैं और साइड बिज़नस के तौर पर डॉक्युमेंटरी भी समांतर रूप बनाते हैं। विज्ञापन > डॉक्युमेंटरी > फिल्म को चंद सेकंड से कुछ घंटो की कैनवस पर देखें और नाट्यकर्मी > फिल्माभिनेता और प्रिंट पत्रकार > टीवी पत्रकार मीडिया के हाइरार्की के साथ व्यावसायिक पदोन्नति के भी पड़ाव बन जाते हैं.

निसंदेह 'स्माइल पिंकी' को ऑस्कर मिलना डॉक्युमेंटरी के रेगिस्तान में एक मरुद्यान की भांति है..अगर इससे डॉक्युमेंटरी विधा को केवल फ़िल्म समारोहों से बाहर भी गंभीर जन अभिरुचि पैदा होती है..तो इस लिहाज़ से ऑस्कर संजीवनी बूटी है। पोस्ट लिखे जाने तक 'स्लमडाग मिलेनियर' को आठ ऑस्कर मिल चुके थे.

Tuesday, December 23, 2008

राम मिलाये जोड़ी उर्फ़ रब ने बना दी जोड़ी

तानी पार्टनर के दिल को जितने की कवायद के इर्द गिर्द घूमती 'रब ने बना दी जोड़ी' फिल्म कई युवाओं को बहुतों को स्त्री की समर्थ फिल्म लगी होगी पर शुरू से अंत तक सूरी -राज- सूरी के इतिवृत्त में फिल्म ख़त्म हो गई ....तानी के पास चुनाव का अधिकार न पहले था, न बाद में । सूरी को तानी की संजीदगी पसंद नही और पुरानी चुलबुली तानी को वापस पाने की जिद में वो राज के मसखरे बिंदास शख्सियत में तब्दील हो जाता है....तो राम मिलाये जोरी, एक अँधा एक कोढ़ी बतर्ज़ बेमेल विवाह में एक तरफा प्यार इब्तिदा से इन्तहा तक हावी रहता है....जब तानी को सूरी का विकल्प मिलता है....तो राज उसके साथ भागने को राज़ी नही क्योंकि वो तो सूरी है....और तानी को सुरिंदर साहनी को ही पसंद करना होगा (विवाह संस्था की प्रतिबध्दता को भी तो कायम रखना है )...इसी के चलते सूरी के अहसानों के (.....इसे सूरी के प्यार से भी रिप्लेस किया जा सकता है ) बोझ की मारी तानी को सूरी में रब दिखाया जाता है ....और रब का मतलब सर्वस्व होना है.....पर जब सूरी को तानी में रब दिखा तो वह तो तानी पर सर्वस्व न्यौछावर नही कर सका यानी सूरी के मेल इगो के सामने राज़ की सहजता को नही त्याग सका।

अनिल कपूर की 'वो साथ दिन' और सलमान खान की 'हम दिल दे चुके सनम ' में भले ही पति और प्रेमी दो जुदा व्यक्ति हो पर ट्रीटमेंट एक ही है नायिका/एक विवाहिता पति को को नही छोड़ सकती । 'रब ने बना दी जोड़ी' में भले ही प्रेमी और पति एक हो पर नायिका को पति गैर- बराबरी वाले रूप को ही चुनना है....पति के दोस्ताना और प्रेमी रूप का विकल्प उसके लिए नही है, पर यहाँ पर समाज के पुरुषों का एक रूप वह भी दिखता है, जिसमे भले ही लड़का कैसा भी , बीवी उसे हूर की परी ही चाहिए....वो भी सशर्त सुंदर, सुशील , घरेलु (...वैवाहिक विज्ञापनों की भाषा में आम है )... स्त्री विमर्श पर पच्चासो किताबों को चाट जाने वाले एक सहपाठी का भी यही मानना है की पुरुषों की आवाज़ और महिलाओं की सूरत देखी जाती है।



एक मजेदार बात यह है की जहाँ फिल्म में राज़ या तानी एक दुसरे को मोटर बाईक की सैर कराते हुए नज़र आते हैं ....वही फिल्म के टीवी प्रोमोस में सूरी को तानी को मोटर बाईक पर ले जाते हुए दिखाया गया...ये शायद सूरी का एक सपना भी था जिसमे तानी सूरी की अनुगामिनी नज़र आती हो। इसमें कोई दो राय नही है की यह किंग खान की पैसा वसूल फिल्म है....और इस साल की मेगा हिट मूवी साबित हो।